एआरबी टाइम्स ब्यूरो, बिलासपुर | जिले में मौसम संबंधी सटीक और स्थानीय स्तर का आंकड़ा उपलब्ध करवाने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में ऑटोमेटिक रेन गेज और प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। सरकार के इस निर्णय के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित बचत भवन में कृषि विभाग की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त राहुल कुमार ने की।
उपायुक्त ने कहा कि ऑटोमेटिक रेन गेज और ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन स्थापित होने से पंचायत और ब्लॉक स्तर पर वर्षा समेत अन्य मौसम संबंधी मानकों के सटीक और वास्तविक समय के आंकड़े उपलब्ध होंगे। इससे जिले में मौसम संबंधी आंकड़ों के व्यवस्थित और वैज्ञानिक तरीके से संग्रहण की व्यवस्था मजबूत होगी। साथ ही कृषि क्षेत्र के लिए स्थानीय स्तर पर अधिक सटीक मौसम संबंधी जानकारी उपलब्ध हो सकेगी। इन उपकरणों से प्राप्त आंकड़े फसल बीमा योजना के तहत फसल नुकसान के आकलन और बीमा दावों के सत्यापन में महत्वपूर्ण आधार बनेंगे। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध आधिकारिक मौसम संबंधी आंकड़ों से फसल बीमा दावों की प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और पात्र किसानों को दावों के निपटारे में सुविधा मिलेगी।
किसानों को मिलेगी स्थानीय मौसम की सटीक जानकारी
उपायुक्त ने कहा कि विंड्स (WINGS) के तहत ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन और ऑटोमेटिक रेन गेज का नेटवर्क मजबूत होने से मौसम संबंधी आंकड़ों के संग्रहण, विश्लेषण और उपयोग की व्यवस्था बेहतर होगी। इससे किसानों को स्थानीय मौसम की अधिक सटीक जानकारी के आधार पर कृषि संबंधी सलाह उपलब्ध करवाने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कृषि विभाग सहित सभी संबंधित विभागों, खंड विकास अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को उपकरणों की स्थापना के लिए आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को ऑटोमेटिक रेन गेज और वेदर स्टेशन स्थापित करने के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने और आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने को कहा गया। उपायुक्त ने जिला राजस्व अधिकारियों को योजना के तहत सभी पटवारियों के माध्यम से लंबित आंकड़ों को जल्द अपडेट करवाने के निर्देश देने को कहा। साथ ही लोक मित्र केंद्रों को सरकार की ओर से निर्धारित दरों पर किसानों के किसान पहचान पत्र बनाने के निर्देश देने को कहा।
