एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
जीबी पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय रामपुर में सोमवार को राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर गणित विभाग द्वारा विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रतियोगात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। यह दिवस महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया गया, जिसे भारत सरकार द्वारा वर्ष 2012 से राष्ट्रीय गणित दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।
कार्यक्रम का संचालन छात्रा नीतिका ठाकुर ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज बसोतिया, उप-प्राचार्य डॉ. विद्याबंधु नेगी, गणित विभागाध्यक्ष डॉ. जीवन मसोई सहित गणित विभाग के अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे। अतिथियों के सम्मान के उपरांत पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
उद्घाटन संबोधन में डॉ. जीवन मसोई ने गणित के महत्व और इसकी व्यावहारिक उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को श्रीनिवास रामानुजन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। इसके पश्चात प्राचार्य डॉ. पंकज बसोतिया एवं उप-प्राचार्य डॉ. विद्याबंधु नेगी ने विद्यार्थियों को गणित विषय के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ. सीवी मेहता ने अपने संबोधन में श्रीनिवास रामानुजन के जीवन, संघर्ष और योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने गणित को केवल रटंत विषय न मानकर अभ्यास एवं अनुसंधान आधारित विषय बताया तथा निरंतर अध्ययन व समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रथम वर्ष की छात्रा याचिका ने गणित विषय पर प्रभावशाली अभिव्यक्ति प्रस्तुत की। इसके उपरांत इंटर क्लास गणितीय प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया, जिसमें तृतीय वर्ष ने प्रथम, द्वितीय वर्ष ने द्वितीय तथा प्रथम वर्ष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
गणित ओलंपियाड प्रतियोगिता में द्वितीय वर्ष की छात्रा अंशिका ने प्रथम, तृतीय वर्ष के छात्र मोहित ने द्वितीय तथा द्वितीय वर्ष के छात्र अनिश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं रूबिक क्यूब चुनौती में प्रथम वर्ष के छात्र संजू ने प्रथम, छात्रा इशिता ने द्वितीय तथा तृतीय वर्ष की छात्रा तमन्ना ने तृतीय स्थान हासिल किया।
अंतिम गतिविधि गणितीय डम्ब शराड्स में अंशिका, निधि एवं अनुष्का की टीम विजेता रही।
कार्यक्रम का समापन गणित विभाग की प्राध्यापिका डॉ. अनुराधा नेगी द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।
