एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज मुख्यमंत्री आदर्श स्वास्थ्य संस्थान कोटखाई के सभागार में आयोजित रोगी कल्याण समिति की बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में संस्थान में चल रही विभिन्न स्वास्थ्य गतिविधियों और सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय आनंद, डॉ. सुनीश चौहान और सदस्य सचिव डॉ. अमर चंद ने वर्ष 2024-25 के बजट, आय-व्यय और आगामी योजनाओं की जानकारी दी।
डॉ. अमर चंद ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान समिति की कुल आय ₹24,77,013 रही, जबकि वर्ष 2025-26 के लिए ₹25,29,550 का बजट पारित किया गया है। इस राशि का उपयोग अस्पताल की सुविधाओं को उन्नत करने, नए उपकरणों की खरीद और मरीजों को बेहतर सेवा प्रदान करने में किया जा रहा है।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बैठक में कहा कि “मुख्यमंत्री आदर्श स्वास्थ्य संस्थान कोटखाई” क्षेत्र का एक प्रतिष्ठित स्वास्थ्य केंद्र है, जहाँ विशेषज्ञ डॉक्टर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रोगी कल्याण समिति की धनराशि का उपयोग संतुलित और पारदर्शी तरीके से किया जाए। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को कर्मचारियों के वेतन को नियमानुसार बढ़ाने के निर्देश दिए तथा दंत चिकित्सा विभाग के लिए ₹3 लाख की एक्स-रे मशीन खरीदने की स्वीकृति भी प्रदान की।
इसके अतिरिक्त, आगामी सर्दियों के मद्देनज़र मरीजों की सुविधा के लिए हीटर, कंबल और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में एसडीएम कोटखाई गुरमीत नेगी, तहसीलदार ललित कुमार, नगर पंचायत चेयरमैन अंजलि चौहान और व्यापार मंडल के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
