एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रोहड़ू
उपमंडल रोहड़ू में बुधवार को चिट्टे एवं अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। यह मैराथन रोहड़ू प्रशासन, पुलिस प्रशासन, फिजिक जिम और स्थानीय युवाओं के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई, जिसमें सैकड़ों युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
उपमंडलाधिकारी (ना.) रोहड़ू धर्मेश कुमार ने बताया कि इस मैराथन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि चिट्टे जैसी गंभीर समस्या से निपटने के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आना होगा, ताकि व्यापक जन-जागरूकता के माध्यम से इस पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन पर बल देते हुए अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
एसडीपीओ रोहड़ू प्रणव चौहान ने कहा कि नशे की प्रवृत्ति को रोकने के लिए इस प्रकार के आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने सभी स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे नशे के खिलाफ इस अभियान में सक्रिय सहयोग दें, ताकि इसकी मांग को जड़ से समाप्त किया जा सके।
मैराथन में भाग लेने वाले सभी युवा सुबह 6 बजे पुराना बस अड्डा रोहड़ू में एकत्रित हुए। इसके बाद मैराथन का शुभारंभ किया गया, जो हाटकोटी मंदिर तक आयोजित की गई।
