एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
जिला किन्नौर की रूपी मझगांव सड़क मार्ग पर सोमवार को बोलेरो कैम्पर वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन महिलाएं और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर राहत व बचाव कार्य शुरू किया और घायलाें को उपचार के लिए रामपुर के खनेरी अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में मृतक की पहचान रोशन लाल (65) पुत्र समीर दास, निवासी गांव मझगांव, तहसील रूपी के रूप में हुई है। जबकि डोलमा देवी निवासी मझगांव, रक्षा निवासी मझगांव, डोलमा निवासी नालिंग तथा चालक प्रदीप कुमार निवासी गुरगुरी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
एसडीपीओ भावानगर राज कुमार वर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है और चार अन्य घायल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
