एआरबी टाइम्स ब्यूरो
कुल्लू। जिला कुल्लू के उपायुक्त तोरूल एस. रवीश ने मंगलवार को भारी वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त प्रभावित बंजार उपमंडल के सैंज घाटी सहित विभिन्न इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षति का आकलन किया और प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सेवाओं की बहाली के लिए संबंधित विभागों को तुरंत कदम उठाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बिहाली, सपांगनी, सैंज, दरमेहड़ा, रोपा, नियुली तथा गुशैनी क्षेत्रों का दौरा कर वहां की स्थिति का जायजा लिया। इन क्षेत्रों में भारी बारिश से सड़कों, पुलों, पेयजल, बिजली और दूरसंचार सेवाओं को गंभीर नुकसान पहुंचा है।
मूलभूत सेवाओं की बहाली पर जोर
उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि सेब और सब्जी सीजन के चलते सड़कों की शीघ्र मरम्मत की जाए ताकि किसानों को परेशानी न हो। उन्होंने यह भी कहा कि पेयजल, बिजली और दूरसंचार सेवाएं प्राथमिकता के आधार पर बहाल की जाएं।
दूरसंचार सेवाएं बहाल करने के आदेश
घाटी में नेटवर्क सेवाओं को बहाल करने के लिए दूरसंचार कंपनियों को निर्देश दिए गए हैं ताकि आपातकालीन संचार में कोई रुकावट न आए और राहत कार्य निर्बाध रूप से चल सके। भारी वर्षा से हुए भूस्खलन और पुल क्षति के कारण कई मार्ग अवरुद्ध हैं। प्रशासन ने बहाली कार्यों में तेजी लाई है और प्रभावित लोगों की समस्याओं के तत्काल समाधान का आश्वासन दिया है।
उपायुक्त ने नागरिकों से खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन से तुरंत संपर्क करने को कहा गया है।
अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान एसडीएम बंजार पंकज, तहसीलदार नरेंदर शर्मा, अधिशासी अभियंता जल शक्ति रविंदर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण चमन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
