एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
डॉ. सर्वपल्ली बीएड व एमएड कॉलेज नोगली में शहीदी दिवस अत्यंत श्रद्धा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष डॉ. मुकेश शर्मा और प्राचार्या डॉ. सीमा भारद्वाज ने भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के चित्रों पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर क्रांतिकारी शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि दी जानी चाहिए।
प्राचार्या ने कहा, “मैं नमन करती हूँ उन शहीदों को, जिनके प्रेरणा, शौर्य, पराक्रम और अदम्य साहस ने हमारे देश को स्वतंत्रता दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। हमें उनके बलिदान से प्रेरणा लेकर अपने देश के प्रति अपनी भूमिका निभानी चाहिए।”
कार्यक्रम के अंतर्गत शहीदों के जीवन और बलिदान पर देशभक्ति गीत प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। इसमें एकलव्य सदन की दिव्या ने प्रथम, अर्जुन सदन के सुदर्शन ने द्वितीय, और गौतम बुद्ध सदन की तान्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रशिक्षुओं ने अपने रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से सभागार को देशभक्ति की भावना से भर दिया।
अंत में, सर्वपल्ली परिवार के सभी सदस्य और प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन किया, जिससे कार्यक्रम की भव्यता और देशभक्ति की भावना और भी प्रबल हुई।
