एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
सर्वपल्ली राधाकृष्णन शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान, नोगली (बालना) में बीएड सत्र 2025-2027 के नव आगंतुकों के स्वागत हेतु भव्य कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “Passion to Teach and Power to Transform” रहा, जिसका उद्देश्य नए प्रशिक्षुओं का आत्मीय स्वागत करना तथा उन्हें भावी अध्यापक के रूप में जीवन की नई शुरुआत के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में संस्थान के अध्यक्ष डॉ. मुकेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशेष अतिथियों में गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज रामपुर बुशहर के सहायक आचार्य अनिल वर्मा, संस्थान के मुख्य शिक्षा सलाहकार ए.के. गोस्वामी तथा साहित्यकार दीपक शर्मा शामिल रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। वरिष्ठ छात्रों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने सभी का मन मोह लिया।
नव प्रशिक्षुओं के लिए चार चरणों की गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें रैंप वॉक के माध्यम से परिचय, चुनौतियां, प्रतिभा प्रदर्शन और प्रश्नोत्तर शामिल रहे। इस दौरान विजेंदर को मिस्टर फ्रेशर और साक्षी को मिस फ्रेशर चुना गया। वहीं कृतिका और अनिकेत ने मिस कॉन्फिडेंट व मिस्टर कॉन्फिडेंट का खिताब जीता, जबकि कुलदीप और दिव्य को मिस टैलेंटेड व मिस्टर टैलेंटेड घोषित किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. मुकेश शर्मा ने सभी नव प्रशिक्षुओं का स्वागत करते हुए विजेताओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व, बीएड प्रशिक्षण की प्रक्रिया और शिक्षक की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षक शिक्षा केवल ज्ञान अर्जन नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सशक्त माध्यम है। सफल शिक्षक बनने के लिए वाणी का शुद्ध, सहज और स्पष्ट होना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान पंजाबी, पहाड़ी और बॉलीवुड नृत्य तथा एकल गायन जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। समापन अवसर पर संस्थान की प्राचार्या डॉ. सीमा भारद्वाज ने मुख्य व विशेष अतिथियों सहित सभी प्रशिक्षुओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और प्रेरणा का संचार करते हैं। इस अवसर पर संस्थान के सभी शिक्षक एवं गैर-शिक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे।
