एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर द्वारा नावर क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुठाड़ी के टूटूपानी में वर्ल्ड बैंक द्वारा वित्तपोषित हिमाचल प्रदेश बागवानी विकास परियोजना (HPHDP) के अंतर्गत ₹6.72 करोड़ की लागत से निर्मित सेब ग्रेडिंग एवं पैकिंग हाउस का उद्घाटन करने पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता चेतन बरागटा ने तीखी प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना पूर्व भाजपा सरकार और स्व. नरेन्द्र बरागटा की दूरदर्शिता की देन है, जिसे अब कांग्रेस सरकार अपने नाम करने का प्रयास कर रही है। चेतन बरागटा ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के पास कोई नई योजना नहीं है और वह केवल भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई परियोजनाओं के उद्घाटन में व्यस्त है।
बरागटा ने यह भी सवाल उठाया कि जब यह कार्यक्रम बागवानी विभाग से संबंधित था, तो फिर बागवानी मंत्री की अनुपस्थिति क्यों रही? उन्होंने इसे सरकार के भीतर समन्वय की कमी और जिम्मेदारी के अभाव का संकेत बताया।
भाजपा प्रवक्ता ने आगे कहा कि कांग्रेस सरकार केवल उद्घाटन समारोहों तक सीमित रह गई है। चाहे स्कूल भवन हों, सामुदायिक भवन या पीएमजीएसवाई की सड़कें — सभी योजनाएं भाजपा शासन की देन हैं। उन्होंने शिक्षा मंत्री से यह स्पष्ट करने की मांग की कि उनके कार्यकाल में अब तक कौन-सी नई परियोजना धरातल पर उतरी है।
