ADVERTISE WITH US
📢 ARB Times के साथ अपने व्यापार को नई पहचान दें | विज्ञापन के लिए संपर्क करें: 9418210413 | ✉ editor@arbtimes.in | arbtimeshp@gmail.com | 🌐 www.arbtimes.in

Shimla: मुख्यमंत्री ने दिया बनखंडी अरण्य वन्य प्राणी उद्यान के प्रथम चरण को दिसंबर 2026 तक पूर्ण करने का निर्देश

November 23, 2025 1:17 PM
---Advertisement---

एआरबी टाइम्स ब्यूरो

शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिले के उप-मंडल स्थित दुर्गेश अरण्य वन्य प्राणी उद्यान, बनखंडी के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि इस परियोजना का प्रथम चरण हर हाल में दिसंबर 2026 तक पूरा किया जाना चाहिए।

अपने आधिकारिक आवास ओक ओवर में परियोजना की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्राणी उद्यान 233 हैक्टेयर क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है और इसमें शेर व बाघ सफारी, विभिन्न वन्य प्राणियों, सरीसृपों और पक्षियों के लिए विशेष बाड़े बनाए जाएंगे। साथ ही तीन पार्किंग स्थल, फूड कोर्ट, रेस्टोरेंट और अन्य पर्यटक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

उन्होंने अस्पताल, प्रशासनिक भवन, ऑपरेशन थियेटर, डायग्नोस्टिक भवन, क्वारंटीन क्षेत्र, शौचालय ब्लॉक व भूमिगत जल टैंकों से संबंधित निविदाएं शीघ्र आमंत्रित करने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने परियोजना को पर्यटकों के लिए और अधिक आकर्षक बनाने के लिए ईको टूरिज्म गतिविधियों जैसे तारामंडल, रॉक क्लाइम्बिंग और बोटिंग जैसी साहसिक गतिविधियों को शामिल करने का सुझाव दिया।

उन्होंने यह भी बताया कि यह देश का पहला प्राणी उद्यान है जिसे भारतीय हरित भवन परिषद (IGBC) से सतत और पर्यावरण अनुकूल पहल के लिए प्रमाणन प्राप्त हुआ है। ऊर्जा आवश्यकता की पूर्ति के लिए एक मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजना भी स्थापित की जाएगी।

इस अवसर पर ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क कुल्लू और बायो कंजर्वेशन सोसायटी ने मुख्यमंत्री सुख-आश्रय कोष और आपदा राहत कोष में 5-5 लाख रुपये का अंशदान दिया, जबकि बायो कंजर्वेशन सोसायटी खजियार की ओर से 5.50 लाख रुपये का चेक भेंट किया गया।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment