एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रोहड़ू
Fire Incident Rohru : शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल की टिक्कर तहसील के बटाड़ा गांव में बुधवार शाम दो मंजिला मकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही समय में कृष्णा देवी का पूरा मकान जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार, मकान में कुल चार कमरे बने हुए थे, जिनमें रखा घरेलू सामान, कपड़े, अनाज व अन्य जरूरी वस्तुएं आग की भेंट चढ़ गईं। आग से प्रभावित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
आग से सेब के 30 पौधे भी जल गए
आग की लपटें आसपास के क्षेत्र तक फैल गईं, जिससे मकान के समीप लगे सेब के करीब 30 पौधे भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। इससे परिवार की बागवानी से होने वाली आय पर भी असर पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और अग्निशमन विभाग को सूचित किया गया। मौके पर अग्निशमन विभाग, पुलिस, पटवारी हल्का, कानूनगो टिक्कर, पटवारी सहायक तथा स्थानीय ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि आग की तीव्रता अधिक होने के कारण उस पर तुरंत काबू नहीं पाया जा सका और आग तेजी से फैलती चली गई। राजस्व विभाग के अनुसार बाद में आग पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया, जिससे आसपास के अन्य मकानों को बचा लिया गया।
प्रशासन को प्रभावित को दी फौरी सहायता
प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को फौरी राहत के तौर पर 10 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई है। नायब तहसीलदार टिक्कर ने बताया कि अग्निकांड से प्रभावित परिवार के लिए अस्थायी रिहायश की व्यवस्था प्रशासन की ओर से की जा रही है। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर जाकर नुकसान का आकलन करेंगे और राहत मैनुअल के अनुसार आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे आग से बचाव के प्रति सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन व अग्निशमन विभाग को सूचना दें।
