एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
श्रमिक वर्ग को प्रदेश सरकार की कल्याणकारी और समावेशी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से श्रम कल्याण कार्यालय किन्नौर द्वारा पर्यटन स्थल सांगला घाटी की रक्छम ग्राम पंचायत में एक दिवसीय जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। यह शिविर पंचायत घर में आयोजित हुआ, जिसमें कुल 50 श्रमिकों, विशेषकर महिला कामगारों, ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर की अध्यक्षता करते हुए जिला श्रम कल्याण अधिकारी सपन जसरोतिया ने राज्य भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की 14 विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने श्रमिकों को मातृत्व सहायता, शिक्षा सहायता, आवास सहायता, पेंशन, मृत्यु अनुग्रह राशि, चिकित्सा सुविधा, विवाह अनुदान सहित अन्य योजनाओं के लाभ एवं पात्रता शर्तों के बारे में सरल भाषा में अवगत कराया।
श्रम विभाग द्वारा मौके पर ही श्रमिकों की सुविधा के लिए पंजीकरण प्रपत्र भी वितरित किए गए, ताकि अधिक से अधिक कामगार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा संचालित व्यवस्था परिवर्तन के तहत लागू कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
जिला श्रम कल्याण अधिकारी ने कहा कि जनजातीय जिला किन्नौर में श्रमिकों के हित में भविष्य में भी इसी प्रकार के जागरूकता शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंद एवं उपेक्षित वर्गों तक पहुंचे और श्रमिक सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर सकें।
