एआरबी टाइम्स ब्यूरो, बिलासपुर
श्री नैना देवी जी मंदिर में नववर्ष मेले के सफल आयोजन एवं श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज वर्चुअल माध्यम से उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेला अवधि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
उपायुक्त राहुल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मेले के सुचारू संचालन के लिए एसडीएम श्री नैना देवी जी को मेला अधिकारी तथा तहसीलदार श्री नैना देवी जी को सहायक मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं पुलिस व्यवस्था के लिए एसडीपीओ श्री नैना देवी जी को पुलिस मेला अधिकारी एवं थाना प्रभारी कोट को सहायक पुलिस मेला अधिकारी बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। पूरे मेला क्षेत्र को 9 सेक्टरों में विभाजित किया जाएगा, जिनमें से 5 सेक्टरों में सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे। भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा के दृष्टिगत सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निरंतर निगरानी रखी जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विस्तृत यातायात योजना तैयार की गई है। केवल चिन्हित स्थलों पर ही वाहन पार्किंग की अनुमति होगी ताकि यातायात सुचारू बना रहे। भारी वाहनों के प्रवेश को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
उपायुक्त ने नगर परिषद एवं संबंधित विभागों को पूरे मेला क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ रखने तथा स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए मेला क्षेत्र में 3 स्थायी एवं 2 अस्थायी स्वास्थ्य जांच शिविर स्थापित किए जाएंगे, जबकि एम्बुलेंस सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी।
श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन उपलब्ध करवाने के लिए कतार प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि दर्शन में कम समय लगे और किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर उपायुक्त राहुल कुमार ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश देते हुए स्थानीय जनता एवं व्यापारियों से भी नववर्ष मेले के सफल आयोजन में सहयोग की अपील की।
