एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने एसजेवीएन द्वारा आयोजित 25वें आंतर-सीपीएसयू कबड्डी टूर्नामेंट की विजेता टीम बीबीएमबी को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन कर्मचारियों में टीम वर्क, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को सुदृढ़ करते हैं। टूर्नामेंट के समापन समारोह में निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी और विजेता तथा प्रतिभागी टीमों के प्रदर्शन की सराहना की।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि एसजेवीएन सदैव खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को मजबूत करते हैं, बल्कि मानसिक संतुलन और नेतृत्व क्षमता को भी विकसित करते हैं, जो किसी भी संगठन की सफलता के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे आयोजन भारत सरकार की ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसी पहलों को मजबूती प्रदान करते हैं।
समापन समारोह के दौरान मुख्य अतिथि ने विजेता एवं उप-विजेता टीमों को ट्रॉफी, पदक और प्रमाण-पत्र प्रदान किए।
फाइनल मुकाबला एसजेवीएन और बीबीएमबी के बीच खेला गया, जिसमें बीबीएमबी विजेता रही। एसजेवीएन ने प्रथम उप-विजेता का स्थान हासिल किया, जबकि पीजीसीआईएल ने द्वितीय उप-विजेता का स्थान प्राप्त किया। व्यक्तिगत पुरस्कारों में बीबीएमबी के आकाश को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’, एसजेवीएन के विक्रम शर्मा को ‘सर्वश्रेष्ठ रेडर’ और बीबीएमबी के सुरेंद्र सिंह को ‘सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर’ का पुरस्कार दिया गया।
इस अवसर पर रामपुर एचपीएस के परियोजना प्रमुख विकास मारवाह, एनजेएचपीएस के परियोजना प्रमुख राजीव कपूर और एलएचईपी-1 के परियोजना प्रमुख विवेक शर्मा सहित आरएचपीएस, एनजेएचपीएस और एलएचईपी-1 के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
पावर स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के तत्वावधान में एसजेवीएन द्वारा अपने 412 मेगावाट आरएचपीएस में आयोजित इस तीन दिवसीय आंतर-सीपीएसयू कबड्डी टूर्नामेंट में विद्युत मंत्रालय, सीईए, बीबीएमबी, एनएचपीसी, पीजीसीआईएल, आरईसी, टीएचडीसी और मेजबान टीम एसजेवीएन ने भाग लिया।
