एआरबी टाइम्स ब्यूरो, सोलन
चिट्टा तस्करी मामले में संलिप्त पाए गए कांस्टेबल को पुलिस विभाग से बर्खास्त कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) सोलन गौरव सिंह ने जानकारी दी कि थाना धर्मपुर के तहत गुप्त सूचना के आधार पर 19 जून 2025 को पुलिस टीम ने एक युवक हरीश शर्मा निवासी जदारी, कंडाघाट को 11.33 ग्राम चिट्टे सहित गिरफ्तार किया था।
जांच में पता चला कि चिट्टा तस्करी में आरोपी के साथ ललित कंवर निवासी जाबली कसौली भी शामिल था, जो जिला सोलन पुलिस में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत था। उसी दिन यानी 19 जून को कांस्टेबल ललित को गिरफ्तार कर निलंबित कर दिया गया था और विभागीय जांच बिठाई गई थी। एसपी ने बताया कि जांच के दौरान कांस्टेबल ललित कंवर के खिलाफ लगे आरोप सही पाए गए, जिससे पुलिस विभाग की छवि धूमिल हुई। इसी आधार पर उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। फिलहाल उसके खिलाफ मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
