एआरबी टाइम्स ब्यूरो | किन्नौर
केपीएल लेजेंड्स सीजन-2 क्रिकेट चैंपियनशिप में किन्नौर वॉरियर्स टीम शानदार फॉर्म में नजर आ रही है। सोमवार को छोल्टू मैदान में खेले गए मुकाबले में वॉरियर्स ने किन्नौर सुपर स्ट्राइकर्स को रोमांचक मुकाबले में हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की और अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।
मैच में किन्नौर वॉरियर्स की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही विभागों में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। सलामी बल्लेबाज एसएस नेगी (42 रन, 27 गेंद) और विजू नेगी (37 रन, 29 गेंद) ने टीम को मजबूत शुरुआत दी। इसके बाद मुकेश बोरिस (24 रन), केके नेगी (21 रन), सन्नी नेगी (9 रन) और डा. प्रेम नेगी (6 रन) ने उपयोगी योगदान देकर टीम का स्कोर 15 ओवर में 159/6 तक पहुंचाया।
160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी किन्नौर सुपर स्ट्राइकर्स ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन वॉरियर्स के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और अंतिम ओवर में 155 रन पर ऑल आउट हो गई। गेंदबाजी में डा. प्रेम नेगी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
गौरतलब है कि किन्नौर के छोल्टू में चल रही इस चैंपियनशिप में केवल 40 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। 40 से 48 वर्ष के खिलाड़ियों का फिटनेस और खेल कौशल दर्शकों को खासा प्रभावित कर रहा है।
किन्नौर वॉरियर्स टीम
किन्नौर वॉरियर्स टीम में कप्तान डीसी नेगी, मुकेश बोरिस, विजू नेगी, डा. प्रेम नेगी, आरपी नेगी, ज्ञान कुमार नेगी, आरपी युलाम, देवराज नेगी, जॉन नेगी, केके नेगी, एसएस नेगी, चंद्र मोहन नेगी, सन्नी नेगी, मनोज नेगी और विवेक नेगी शामिल हैं।
