एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रामपुर में DJ NatioN द्वारा आयोजित खेल महोत्सव 2026 का शुभारंभ पूरे उत्साह और जोश के साथ हुआ। महोत्सव के पहले दिन पुरुष एवं महिला वर्ग की मैराथन सहित ऐथलिट्स प्रतियोगिताएँ सफलतापूर्वक संपन्न हुईं, जिनमें क्षेत्र के युवाओं और युवतियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। जिसमें साइक्लिंग, 100 मीटर, 400 मीटर, 1600 मीटर दौड़, हाई जंप और लॉन्ग जंप शामिल रहे। सभी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया।
DJ NatioN के संस्थान साहित सागर ने बताया कि यह खेल महोत्सव लगातार तीसरे वर्ष आयोजित किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, यह महोत्सव आगामी लगभग डेढ़ महीने तक चलेगा, जिसमें 14 अन्य खेल प्रतियोगिताएँ भी आयोजित की जाएंगी। इनमें क्रिकेट, कबड्डी, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, शतरंज, फ्री फायर, BGMI, पावरलिफ्टिंग, आर्म रेसलिंग, स्नूकर और रस्साकशी प्रमुख रूप से शामिल हैं।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी मोंटी मांटा (तकलेच) उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल प्रतिभा को मंच देते हैं, बल्कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आयोजन समिति ने क्षेत्र के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। प्रतिभागियों के लिए आकर्षक पुरस्कार भी निर्धारित किए गए हैं, जिससे उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिल सके।
आयोजकों ने स्पष्ट किया कि इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना, उन्हें नशे की लत से बचाना और एक स्वस्थ, सशक्त समाज का निर्माण करना है। खेलों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देने की यह पहल क्षेत्र में एक नई ऊर्जा का संचार कर रही है।
