एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रामपुर नगर परिषद चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। अंतिम दिन 10 और उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए, जिसके बाद कुल प्रत्याशियों की संख्या बढ़कर 27 हो गई है।

अंतिम दिन विभिन्न वार्डों से उम्मीदवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी दावेदारी पेश की। भाजपा एवं भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने भी कई वार्डों से नामांकन दाखिल किया। वार्ड नंबर 1 से चित्र रेखा, वार्ड नंबर 2 से राज कुमारी, वार्ड नंबर 4 से ध्रुव शर्मा, गिरीश गौतम और शैलेश बिष्ट ने नामांकन पत्र जमा किए।

इसी क्रम में वार्ड नंबर 6 से स्वीटी, वार्ड नंबर 8 से चंद्र प्रभा और शांता ने भी अपनी उम्मीदवारी पेश की। वहीं वार्ड नंबर 9 से हरीश लक्टू और प्रताप गुप्ता ने भी नामांकन दाखिल कर चुनावी मैदान में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।


सभी उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र एआरओ एवं रामपुर तहसीलदार के समक्ष विधिवत जमा कराए। नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद अब चुनावी माहौल और अधिक सक्रिय हो गया है। आने वाले दिनों में नामांकन पत्रों की जांच और अंतिम सूची जारी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि चुनावी मुकाबला किन प्रत्याशियों के बीच होगा।
