एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
हिमाचल प्रदेश में लुहरी हाइड्रो प्रोजेक्ट से प्रभावित किसानों का क्रमिक आंदोलन मंगलवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। इस दौरान देहरा पंचायत के प्रभावित किसानों ने आंदोलन में भाग लिया और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
हिमाचल किसान सभा लुहरी हाइड्रो प्रोजेक्ट प्रभावित कमेटी के महासचिव देवकी नंद और किसान सभा जिला शिमला के अध्यक्ष रणजीत ठाकुर ने कहा कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक सतलुज जल विद्युत निगम (SJVN) किसानों की लंबित समस्याओं का समाधान नहीं करता। उन्होंने बताया कि SJVN प्रबंधन के साथ दो बार वार्ता हो चुकी है, लेकिन अब तक उन मुद्दों पर भी अमल नहीं हुआ है, जिन पर पहले कई बार लिखित समझौते हो चुके हैं। इससे साफ है कि निगम फसल नुकसान, ब्लास्टिंग से मकानों को पहुंचे नुकसान और प्रभावितों को रोजगार देने के मामलों में गंभीर नहीं है। किसान नेताओं ने कहा कि निगम के पास अभी भी समय है कि वह किसानों की मांगों को समय रहते पूरा करे, अन्यथा आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस मौके पर निहाल चंद, कर्म चंद, अशोक कुमार, रेखा चौहान, मनोरमा चौहान, आशा ठाकुर, नीलमा ठाकुर, सुभद्रा देवी, गुडला देवी, उमा देवी, मोहर दासी सहित कई प्रभावित किसान मौजूद रहे।
