एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रामपुर बुशहर को निरमंड क्षेत्र से जोड़ने वाले जगातखाना पुल से तीन दिन पहले सतलुज नदी में छलांग लगाने वाले युवक का शव आखिरकार बरामद कर लिया गया है। मंगलवार को एनडीआरएफ की टीम ने घटनास्थल पर सघन सर्च अभियान चलाया। करीब दो घंटे तक चली कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने दोपहर लगभग 12 बजे नदी से शव को बाहर निकाला, जिससे स्थानीय लोगों और परिजनों को राहत मिली, हालांकि माहौल गमगीन रहा।
मृतक की पहचान 20 वर्षीय रोहित पुत्र गोपाल दास निवासी अपर डकोल्ड के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक ने तीन दिन पहले पुल से नदी में छलांग लगा दी थी, जिसके बाद से ही उसकी तलाश जारी थी। एनडीआरएफ के जवान लगातार नदी के विभिन्न हिस्सों में खोजबीन कर रहे थे।
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं और शव को पोस्टमार्टम के लिए खनेरी अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। जबकि पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया है।
