एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की लोकल कमेटी रामपुर ने साप्ताहिक अखबार लोकलेहर, सीटू की मासिक पत्रिका सीटू मजदूर तथा कामकाजी महिला पत्रिका के वितरण में हो रही अनियमितताओं के विरोध में मुख्य डाकघर रामपुर बुशैहर के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कई ग्राहकों को ये पत्र-पत्रिकाएं मिल ही नहीं रही हैं, जबकि कुछ को समय पर वितरण नहीं हो रहा। इसके अलावा डाक वितरण सेवाओं में सुधार न होने पर भी रोष जताया गया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए लोकल कमेटी सचिव कुलदीप सिंह, रणजीत ठाकुर और प्रेम ने कहा कि रामपुर, कुमारसैन, निचार और निरमण्ड क्षेत्रों में डाक वितरण व्यवस्था लगातार लचर बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि डाकिये पार्टी सदस्यों और ग्राहकों के सही पते पर लोकलेहर और सीटू मजदूर पत्रिका नहीं पहुंचा रहे हैं। कई बार पत्र-पत्रिकाएं गलत पते पर पहुंचा दी जाती हैं या कार्यालयों में ही छोड़ दी जाती हैं। नेताओं ने बताया कि इस संबंध में कई बार डाक विभाग को मौखिक और लिखित शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
CPM ने मांग की है कि सभी डाक सही पते पर और समय पर पहुंचाई जाए, प्रत्येक क्षेत्र में स्थायी डाकिया नियुक्त किया जाए, डाकियों की मनमानी पर रोक लगाई जाए और शिकायत मिलने पर 24 घंटे के भीतर पुनः डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो लोकलेहर और सीटू मजदूर के ग्राहकों को संगठित कर मुख्य डाकघर रामपुर के खिलाफ अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
प्रदर्शन में राजपाल, दिनेश मेहता, देविंदर कुमार, भुवनेश, विनोद, संतोष, टीटू, देविंदर और अंबिका सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
