एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) संगठनात्मक जिला रामपुर के कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर स्थित नर्सिंग प्रशिक्षण संस्थान की प्रशिक्षु छात्राओं की गंभीर समस्याओं को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
विद्यार्थी परिषद को जब छात्राओं की परेशानियों की जानकारी मिली, तो परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की। छात्राओं ने अपनी प्रमुख समस्याओं में बताया कि एक ही कक्ष में 15-15 छात्राओं को ठहराया जा रहा है, जिससे संस्थान में मूलभूत सुविधाओं के अभाव का स्पष्ट संकेत मिलता है।
इसके अलावा पूरे हॉस्टल में लगभग 85 छात्राओं के लिए केवल एक शौचालय की व्यवस्था है, जो अत्यंत चिंताजनक है। प्रत्येक छात्रा से प्रतिमाह ₹3600 शुल्क वसूलने के बावजूद पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन की समुचित व्यवस्था नहीं है। परिषद ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले 19 वर्षों से बिना किसी टेंडर प्रक्रिया के एक ही ठेकेदार द्वारा कैंटीन संचालित की जा रही है, जिससे पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
सबसे गंभीर पहलू यह सामने आया कि छात्राएं प्रशासनिक दबाव के कारण खुलकर अपनी समस्याएं रखने में असमर्थ हैं। परिषद ने इसे छात्राओं के अधिकारों और शिक्षा व्यवस्था दोनों के लिए चिंता का विषय बताया। जिला संयोजक रवि वर्मा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो परिषद रामपुर क्षेत्र की समस्त छात्र शक्ति को संगठित कर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी संबंधित हॉस्टल प्रशासन और प्रबंधन की होगी। इस मौके पर रवि वर्मा, युवराज सिंह, मीनाक्षी, सोनाली, हर्षित, और यशवंत सिंह उपस्थित थे।
