एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रामपुर क्षेत्र के झाकड़ी के समीप ब्रौनी खड्ड के ऊपर जंगल में अचानक आग लगने से एक परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा। इस आगजनी में अंशुल सिंह पुत्र कपूर सिंह, निवासी गांव खडक़ाग, डाकघर झाकड़ी, तहसील रामपुर के 9 मेमने जलकर मर गए, जबकि दो अन्य मेमने गंभीर रूप से घायल हो गए।
आग की चपेट में अंशुल सिंह का अस्थायी डेरा भी आ गया, जिसमें रखा सारा घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। आग में बर्तन, राशन, कपड़े, सोलर लाइट, टॉर्च, एंड्रॉयड मोबाइल, पावर बैंक और दो टेंट सहित अन्य आवश्यक सामग्री जलकर राख हो गई। पीड़ित ने बताया कि 19 अप्रैल को बेची गई 7 भेड़ों की करीब 1 लाख रुपये की नकदी भी आग में जल गई। इस घटना में कुल नुकसान लगभग 2 लाख 50 हजार रुपये आंका गया है।
एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पटवारी को मौके पर भेजने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नुकसान का सही आकलन किया जा सके।
