एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
हिमाचल दूध उत्पादक संघ के आह्वान पर 23 अप्रैल को दत्तनगर में दूध उत्पादकों की मांगों को लेकर प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए निरमंड, रामपुर, आनी, करसोग, छतरी, नारकंडा और ननखड़ी ब्लॉकों के गांव-गांव में लगातार बैठकें की जा रही हैं।
हिमाचल किसान सभा के राज्य सचिव देवकी नंद, दूध उत्पादक संघ के संयोजक प्रेम चौहान और किसान सभा निरमंड ब्लॉक के अध्यक्ष पूर्ण ठाकुर ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा बजट में दूध के दाम बढ़ाने के फैसले का संघ स्वागत करता है। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर दूध उत्पादकों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बताया कि निरमंड ब्लॉक के बड़ीधार, डीम, शील और सराहन गांवों में बैठकें आयोजित कर प्रदर्शन की रणनीति तैयार की गई। उनका कहना है कि सोसायटियों में दूध की गुणवत्ता जांचने के लिए आवश्यक मशीनों की कमी के कारण उत्पादकों को सही दाम नहीं मिल रहे हैं।
इसके अलावा दूध का भुगतान समय पर न होना भी बड़ी समस्या बनी हुई है। कई मामलों में दो-दो महीने बाद भुगतान हो रहा है, जिससे उत्पादकों के लिए परिवार का पालन-पोषण करना कठिन हो गया है। नेताओं ने बताया कि इन मुद्दों को दतनगर में मिल्क फेडरेशन के समक्ष भी उठाया गया, लेकिन अब तक न तो सरकार और न ही मिल्क फेडरेशन ने ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पशु औषधालयों में डॉक्टरों के खाली पद होने से पशुपालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
संघ के पदाधिकारियों ने दावा किया कि 23 अप्रैल को दतनगर में होने वाले इस प्रदर्शन में विभिन्न ब्लॉकों से हजारों की संख्या में दूध उत्पादक भाग लेंगे।
