एआरबी टाइम्स ब्यूरो | मंडी
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। यह हादसा करसोग-शिमला मार्ग पर अलसिंडी से करीब चार किलोमीटर दूर कलगार क्षेत्र में हुआ, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक शिमला से अपने घर माहुनाग लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 12 बजे उनकी कार (HP 63B 0451) अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 700 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गई। हादसे की सूचना पुलिस को करीब एक बजे मिली, जिसके बाद टीम ने स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसके पुर्जे दूर-दूर तक बिखर गए। खाई की गहराई और दुर्गम क्षेत्र के कारण शवों को बाहर निकालना बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। कड़ी मशक्कत के बाद सुबह चार से पांच बजे के बीच दोनों शवों को सड़क तक पहुंचाया जा सका।
मृतकों की पहचान सुनील कुमार (24), पुत्र कांशी राम, निवासी गांव सौथल माहूनाग, और पवन कुमार (19), पुत्र कृष्ण लाल, निवासी गांव केथु माहूनाग, मंडी के रूप में हुई है। इस हादसे ने दोनों परिवारों को गहरा आघात पहुंचाया है। करसोग थाना प्रभारी सोमदत्त के अनुसार, दुर्घटना के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए करसोग अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है।
यह भी पढ़ें
