एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रामपुर में उपमंडल स्तरीय लोक शिकायत निवारण समिति की बैठक राज्य वित्त आयोग हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नन्द लाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में उपमंडल रामपुर से संबंधित जन समस्याओं और विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक का संचालन उपमंडलाधिकारी हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने किया।
अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति पर सख्ती
अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि बैठकों में केवल वही अधिकारी उपस्थित हों, जो निर्णय लेने में सक्षम हों और अपने विभाग से संबंधित विषयों की पूर्ण जानकारी रखते हों। कुछ विभागों के सक्षम अधिकारियों की अनुपस्थिति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए अगली बैठक में उनकी अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा।
समस्याओं के त्वरित समाधान और जवाबदेही तय
उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि बैठक में उठाए गए मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अगली बैठक में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही आम जनता से प्राप्त शिकायतों का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर तय समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित करने पर बल दिया।
विकास कार्यों और परियोजनाओं की समीक्षा
बैठक में देलठ नागाधर सड़क निर्माण, ननखड़ी महाविद्यालय भवन की प्रगति, स्मार्ट मीटर स्थापना, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला व एसडीएम कार्यालय के समीप प्रस्तावित ओवरब्रिज निर्माण तथा नगर परिषद रामपुर में राष्ट्रीय उच्च मार्ग के साथ पैदल पथ निर्माण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
स्वास्थ्य, बुनियादी सुविधाओं और सेवाओं पर निर्देश
इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ की कमी दूर करने, आयुर्वेदिक एवं पशु चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ करने तथा राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर साइनेज लगाने के निर्देश दिए गए। अध्यक्ष ने सड़कों की मरम्मत, सीवरेज व्यवस्था, पेयजल योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विद्युत आपूर्ति से जुड़े मामलों पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
शिक्षा, नगर विकास और परिवहन पर जोर
शिक्षा क्षेत्र में विद्यालयों और महाविद्यालयों में रिक्त पदों को शीघ्र भरने तथा आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। रामपुर महाविद्यालय के पुस्तकालय में पुस्तकों की संख्या बढ़ाने, नगर परिषद क्षेत्र में पार्किंग निर्माण, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को सुदृढ़ करने और ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सुविधाओं में सुधार के मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए।
वन विभाग और मुआवजा मामलों पर सख्ती
वन विभाग से संबंधित मामलों में वन्यजीवों से होने वाले नुकसान के मुआवजे के त्वरित निपटारे और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में उपमंडलीय पुलिस अधिकारी नरेश शर्मा, वनमंडलाधिकारी गुरहर्ष सिंह, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति विभाग आरएस नेगी, अधिशाषी अभियंता विद्युत विभाग कुकू शर्मा, सहायक नगर परियोजना अधिकारी प्रियंका नेगी, एसएमएस बागवानी संजय के. चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
