एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर सनशाइन सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, रामपुर में हिमाचल प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहयोग से एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें प्रकृति के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाना था।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रधानाचार्य सुषमा मखैक द्वारा प्रदूषण बोर्ड से आए अधिकारियों के स्वागत के साथ हुई। इस दौरान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के इंजीनियर लोकश कुमार और जेई सुनैना ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी।उन्होंने बताया कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के इस दौर में हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह प्रकृति की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाए। विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने और व्यक्तिगत स्तर पर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
अधिकारियों के विचारों से प्रभावित होकर विद्यार्थियों ने पृथ्वी को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन और प्रधानाचार्य ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त शिक्षक वर्ग उपस्थित रहा।
