एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सुन्नी क्षेत्र में डिसिल्टिंग कार्य शुरू करवाने के लिए भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) प्रशासन के साथ लगातार वार्ता जारी है। सिल्ट जमा होने के कारण सुन्नी क्षेत्र में खतरे की स्थिति बन चुकी है, जिसे जल्द दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने इस संबंध में सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं।
थली ब्रिज का जीर्णोद्धार शुरू
मंत्री ने जानकारी दी कि थली ब्रिज के पुनर्निर्माण और जीर्णोद्धार का कार्य लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से शुरू हो चुका है, जिससे क्षेत्रीय संपर्क और यातायात सुविधाओं में सुधार होगा। विक्रमादित्य सिंह ने शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान ग्राम पंचायत बाग में श्री पंदोई महाराज के धार्मिक कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कहा कि हर वर्ष यहां मेले का आयोजन होता है, जहां लोगों को देवता का आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिलता है।
क्षेत्रीय विकास पर जोर
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता क्षेत्र के विकास कार्यों को तेज गति देना है।
- सराज क्षेत्र में नए सरकारी भवनों का निर्माण जारी
- स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी
- युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं
उन्होंने कहा कि सराज क्षेत्र में उनकी विधानसभा की 10 पंचायतें आती हैं, जहां जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत विकास कार्य किए जा रहे हैं। मंत्री ने कहा कि पंचायत चुनाव पार्टी चिन्ह पर नहीं होते, इसलिए विचारधारा से जुड़े लोगों को मिलकर योग्य प्रत्याशी का चयन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों के साथ मिलकर समान विकास सुनिश्चित किया जाएगा। विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि स्थानीय प्रोजेक्ट्स के माध्यम से रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। करीब 1600 युवाओं को नौकरी दी गई। इनमें 60% स्थानीय युवा शामिल हैं।

