एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
बुशहर बीएड संस्थान कलना में विश्व पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य पर अंतर सदनीय प्रश्नोत्तरी, पोस्टर मेकिंग एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. तिलक राज भारद्वाज ने की।
अपने संबोधन में उन्होंने बताया कि इस वर्ष की वैश्विक थीम “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” है, जो नवीकरणीय ऊर्जा की ओर तेजी से बढ़ने और समुदायों को सतत भविष्य के लिए सशक्त बनाने पर जोर देती है। उन्होंने 2030 तक वैश्विक स्वच्छ बिजली उत्पादन को तीन गुना करने के लक्ष्य पर भी प्रकाश डाला।
भाषण प्रतियोगिता में “हमारी पृथ्वी हमारा घर—जिम्मेदारी किसकी”, “प्रदूषण मुक्त भारत: सपना या हकीकत”, “प्लास्टिक का कम उपयोग—समय की मांग”, “पर्यावरण संरक्षण में युवाओं की भूमिका” और “जलवायु परिवर्तन: क्या अभी भी समय बाकी है” जैसे विषय शामिल रहे। इसमें विवेकानंद सदन के नीरज ने प्रथम, गांधी सदन की पल्लवी ने द्वितीय और ज्योति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
अंतर सदनीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में गांधी सदन की टीम—रविकांत, श्वेता, स्नेहलता और अभिषेक—ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि विवेकानंद सदन के कुलभूषण, दिव्या, मिताली और कृतिका द्वितीय रहे। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में गांधी सदन की शिवानी, सपना और नीलकमल ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि टैगोर सदन की पूजा, निकिता और राहुल दूसरे स्थान पर रहे।
संस्थान के अध्यक्ष पवन आनंद, कोषाध्यक्ष हितेंद्र गुप्ता और सचिव इंजीनियर राजीव शर्मा ने सभी प्रतिभागियों को पृथ्वी दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर डॉ. राजेंद्र नेगी, प्रो. वर्षा ठाकुर, राकेश ठाकुर, ललित कायथ, तपस्या शर्मा, सपना दीपक, नवनीत चौहान, किरण वाला, नरेंद्र ठाकुर सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।
