एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
HPU MBA Admission 2026 : हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) के यूनिवर्सिटी बिजनेस स्कूल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एमबीए कोर्स में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। नई शिक्षा नीति (NEP) के तहत संचालित इस कार्यक्रम के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 मई निर्धारित की गई है।
एमबीए में प्रवेश एचपीयू मैनेजमेंट एप्टीट्यूड टेस्ट (HPU MAT) के माध्यम से होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रवेश के लिए प्रोस्पेक्टस जारी कर दिया है। चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा के साथ ग्रुप डिस्कशन और पर्सनल इंटरव्यू भी शामिल होंगे। मेरिट सूची तैयार करने में 50 प्रतिशत वेटेज एंट्रेंस टेस्ट, 30 प्रतिशत अकादमिक रिकॉर्ड, 10 प्रतिशत ग्रुप डिस्कशन और 10 प्रतिशत पर्सनल इंटरव्यू को दिया जाएगा। एमबीए में कुल 120 सीटें उपलब्ध हैं, जिनमें 60 सब्सिडाइज्ड और 60 नॉन-सब्सिडाइज्ड श्रेणी की हैं। सब्सिडाइज्ड सीटों का वार्षिक शुल्क लगभग 9,080 रुपये और नॉन-सब्सिडाइज्ड सीटों का वार्षिक शुल्क: 1.25 लाख रुपये है।
योग्यता और आयु सीमा
प्रवेश के लिए न्यूनतम योग्यता किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक में 50 प्रतिशत अंक निर्धारित है, जबकि एससी/एसटी वर्ग के लिए 45 प्रतिशत अंक आवश्यक हैं। आयु सीमा सामान्य वर्ग के लिए 26 वर्ष और महिलाओं के लिए 28 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्ग को नियमानुसार छूट दी जाएगी। एचपीयू मैट परीक्षा शिमला, धर्मशाला, मंडी, सोलन, हमीरपुर, पालमपुर और ऊना सहित विभिन्न केंद्रों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा में सामान्य ज्ञान, अंग्रेजी, रीजनिंग और बिजनेस अवेयरनेस से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे।
नई शिक्षा नीति के तहत एमबीए कार्यक्रम को अपडेट किया गया है। चार सेमेस्टर के इस कोर्स में फाइनेंस, मार्केटिंग और ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट में ड्यूल स्पेशलाइजेशन का विकल्प दिया गया है।
