एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
Himachal Panchayat Elections : हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। पंचायतीराज विभाग ने शुक्रवार को जिला परिषद चेयरमैन पद का आरक्षण रोस्टर जारी कर दिया है। इससे पूर्व पंचायत प्रधान, पंचायत वार्ड सदस्य, बीडीसी अध्यक्ष और जिला परिषद वार्डों के लिए आरक्षण तय किया जा चुका था। अब जिप अध्यक्ष पद के लिए भी आरक्षण घोषित होने के बाद सरगर्मियां और तेज हो गई हैं। विभाग की ओर से जारी रोस्टर के अनुसार 12 जिलों में से छह जिलों में जिला परिषद अध्यक्ष पद महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है। वहीं चार जिलों में यह पद ओपन रखा गया है, जबकि दो जिलों में अध्यक्ष पद एससी और एसटी वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है।
📊 जिला परिषद चेयरमैन आरक्षण रोस्टर
| क्रमांक | जिला | आरक्षण श्रेणी |
|---|---|---|
| 1 | सिरमौर | एससी (महिला) |
| 2 | सोलन | एससी (महिला) |
| 3 | मंडी | एससी |
| 4 | किन्नौर | एसटी |
| 5 | लाहौल-स्पीति | एसटी (महिला) |
| 6 | कांगड़ा | ओबीसी (महिला) |
| 7 | हमीरपुर | महिला (सामान्य) |
| 8 | चंबा | महिला (सामान्य) |
| 9 | शिमला | ओपन |
| 10 | कुल्लू | ओपन |
| 11 | ऊना | ओपन |
| 12 | बिलासपुर | ओपन |
पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों के अनुसार रोस्टर नियमानुसार तैयार किया गया है और इसमें सामाजिक न्याय के साथ क्षेत्रीय संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है। विभाग ने कहा कि आरक्षण प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की गई है ताकि सभी वर्गों को समान अवसर मिल सके। जिला परिषद चेयरमैन का चुनाव सीधे जनता नहीं करती, बल्कि अलग-अलग वार्डों से चुनकर आए सदस्य अध्यक्ष चुनते हैं। रोस्टर जारी होने के बाद राजनीतिक दलों और संभावित उम्मीदवारों ने अपने-अपने क्षेत्रों में संपर्क अभियान तेज कर दिए हैं। दो कार्यकाल (2015 और 2020) से आरक्षित चल रही शिमला, ऊना और बिलासपुर सीटों को इस बार ओपन किया गया है।
यह भी पढ़ें
Himachal Cabinet: 1000 पुलिस कांस्टेबल और 500 सहायक वन रक्षक पदों पर भर्ती को मंजूरी
