एआरबी टाइम्स ब्यूरो | किन्नौर
जिला उद्योग केन्द्र किन्नौर द्वारा आज रिकांग पिओ स्थित होटल क्लब सिल्क रूट में एक दिवसीय वित्तीय फंडिंग एवं उद्यमिता जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र की महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं तथा वित्तीय सहायता के बारे में जागरूक करना रहा।
कार्यशाला में 75 महिला उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक गुरू लाल नेगी ने बताया कि प्रतिभागियों को वित्तीय अनुदान, ऋण सुविधाओं और विभिन्न हथकरघा उद्योगों से जुड़ी संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
उन्होंने कहा कि महिला उद्यमियों को प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं से अवगत करवाते हुए उन्हें सुरक्षित और आत्मनिर्भर व्यवसाय स्थापित करने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस पहल से विशेष रूप से ग्रामीण महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक के महाप्रबंधक रोहित सांगवान ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत कार्य कर रहे महिला स्वयं सहायता समूहों के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने वित्तीय समावेशन के माध्यम से महिलाओं को सस्ता ऋण उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया। कार्यक्रम में उद्योग विभाग के मास्टर ट्रेनर सहित अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
