एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश डोगरा ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल के बाद यह पूरी तरह स्पष्ट हो चुका है कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री द्वारा किए गए दावे जनता को गुमराह करने वाले हैं और प्रदेश से बाहर जाकर भी वास्तविक स्थिति छिपाने का प्रयास किया जा रहा है।
डोगरा ने कहा कि प्रदेश की लगभग 80 लाख जनता को लगातार भ्रमित किया जा रहा है। किसानों और बागवानों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। सेब उत्पादकों को समय पर दवाइयाँ और सब्सिडी नहीं मिल रही, वहीं दूध उत्पादकों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं, सरकारी कर्मचारियों, दिव्यांगजनों, दृष्टिहीनों और पेंशनभोगियों से किए गए वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं, जिससे हर वर्ग अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
कानून-व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा और कहा कि प्रदेश में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। भरमौर, किन्नौर और सिरमौर जैसे क्षेत्रों में दिन-दहाड़े अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं और आम जनता की सुनवाई नहीं हो रही।
डोगरा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने विकास के बजाय प्रदेश को अव्यवस्था और असुरक्षा की ओर धकेला है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार के पास अब केवल 18 महीने शेष हैं, लेकिन जनता का भरोसा पूरी तरह टूट चुका है और तथाकथित “खटाखट मॉडल” पूरी तरह असफल रहा है।
उन्होंने दावा किया कि हिमाचल की जागरूक जनता अब बदलाव के लिए तैयार है और आने वाले समय में इस सरकार को करारा जवाब देगी।
