एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में नारी शक्ति फोरम समेत सामाजिक संस्थाओं की ओर बुधवार को शिमला में नारी शक्ति वंदन अधिनियम समर्थन पदयात्रा और टाउन हॉल ऑफ वुमन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं, बुद्धिजीवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
सर्कुलर रोड स्थित होटल ध्रुव में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ टाउन हॉल ऑफ वुमन से हुआ, जिसमें महिलाओं के अधिकार, शिक्षा, सुरक्षा, नेतृत्व और राजनीति में 33% आरक्षण जैसे विषयों पर चर्चा हुई।दोपहर 2 बजे होटल ध्रुव से सीटीओ तक नारी शक्ति वंदन अधिनियम समर्थन पदयात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और युवाओं ने भाग लिया और 33% आरक्षण के समर्थन में आवाज बुलंद की।

महिलाओं की भागीदारी के बिना राष्ट्र निर्माण अधूरा : जयराम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि भारत में महिलाओं की भूमिका लगातार मजबूत हो रही है, लेकिन उन्हें नीति निर्माण और निर्णय प्रक्रिया में समान भागीदारी मिलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश के समग्र विकास को नई दिशा देगा और महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि दशकों से प्रतीक्षित यह अधिनियम अब जमीन पर उतरने जा रहा है और इससे महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में अधिक प्रतिनिधित्व मिलेगा।
यह अभियान नहीं, जनआंदोलन है : डेजी ठाकुर
भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष डेजी ठाकुर ने कहा कि यह आयोजन केवल कार्यक्रम नहीं बल्कि महिलाओं के अधिकार और सम्मान को सुनिश्चित करने का जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति का सम्मान, नव भारत की पहचान संकल्प के साथ यह अभियान आगे बढ़ाया जा रहा है। मुख्य वक्ता डॉ. पूर्णिमा चौहान ने कहा कि पिछले वर्षों में शिक्षा और प्रशासनिक क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव आया है और नारी शक्ति वंदन अधिनियम इस प्रगति को और गति देगा। प्रोफेसर मीनाक्षी पॉल ने कहा कि शिक्षा महिलाओं के सशक्तीकरण का मजबूत आधार है।
