एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) रामपुर इकाई द्वारा वीरवार को सिया को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर रामपुर महाविद्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया गया। छात्रों ने एकजुट होकर न्याय की आवाज बुलंद की और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। यह प्रदर्शन दोपहर 12 बजे छात्रों की परीक्षा समाप्त होने के बाद आयोजित किया गया। इस दौरान एसएफआई कार्यकर्ताओं ने “सिया को इंसाफ दो”, “अन्याय बंद करो” और “हम क्या चाहते—इंसाफ” जैसे नारों के साथ अपना आक्रोश व्यक्त किया।
एसएफआई सचिव राहुल विद्यार्थी ने बताया कि यह विरोध प्रदर्शन 19 वर्षीय बीबीए छात्रा कॉमरेड सिया गुलेरिया की निर्मम हत्या के खिलाफ आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि सिया की दिनदहाड़े हथियारों से हत्या कर दी गई, और आरोपियों के बारे में बताया कि वे कथित रूप से नशे के प्रभाव में थे तथा क्षेत्र में नशेड़ी के रूप में जाने जाते थे। उन्होंने राज्य सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहने और युवाओं में बढ़ते नशे पर नियंत्रण न कर पाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह घटना केवल एक व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं, बल्कि पूरे समाज की कानून व्यवस्था और सुरक्षा तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
एसएफआई ने प्रशासन के समक्ष प्रमुख मांगें रखते हुए सिया को शीघ्र न्याय दिलाने, दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने और महिलाओं की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस प्रदर्शन में मीना राम, दिव्या, पूजा, मृदुल, जीवन, करण, नेहा, रीतिका, पलक और मुस्कान सहित कई छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
