एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रामपुर के सर्वपल्ली राधाकृष्णन बीएड, एमएड एवं डिग्री कॉलेज बालना में विश्व पृथ्वी दिवस उत्साह, जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन सभा से हुई, जिसमें पृथ्वी संरक्षण और स्वच्छ पर्यावरण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। इसके साथ ही अपशिष्ट सामग्री के पुनः उपयोग विषय पर प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने प्लास्टिक बोतलों, पुराने डिब्बों, कागज और अन्य अनुपयोगी वस्तुओं से आकर्षक व उपयोगी वस्तुएं तैयार कर अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया।
इसके उपरांत संस्थान परिसर में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने एक्रिको पाम, जट्रोफा, नीलिथुम, साई पाम, डारोटन, क्रोटन, बगुनिया, जिनिया, पावन सितिया और मनी प्लांट जैसे विभिन्न पौधे लगाए और उनकी देखभाल का संकल्प लिया।
संस्थान के अध्यक्ष डॉ. मुकेश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन पर चिंता व्यक्त करते हुए ऐसे आयोजनों की आवश्यकता पर बल दिया।
प्रधानाचार्या डॉ. सीमा भारद्वाज ने विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने और दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने वृक्षारोपण, स्वच्छता और अपशिष्ट सामग्री के पुनः उपयोग का संकल्प लिया।
