एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
SJVN और NHPC के वित्त निदेशकों ने रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन का दौरा कर परियोजना के संचालन और वित्तीय प्रदर्शन की समीक्षा की। इस दौरान SJVN के निदेशक (वित्त) पार्थजीत डे और NHPC के निदेशक (वित्त) महेश कुमार शर्मा ने परियोजना की कार्यप्रणाली का विस्तृत अवलोकन किया।
परियोजना प्रमुख विकास मरवाह और लुहरी हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट के प्रमुख विवेक शर्मा ने अधिकारियों का स्वागत किया। दौरे के दौरान निदेशकों ने पावर हाउस का निरीक्षण किया और परियोजना के प्रदर्शन, उपलब्धियों तथा वित्तीय पहलुओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। प्रस्तुति में रामपुर HPS की परिचालन दक्षता, प्रमुख उपलब्धियों और भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा की गई। साथ ही उत्पादन क्षमता को बनाए रखने और बढ़ाने के उपायों पर भी मंथन हुआ।
SJVN के निदेशक (वित्त) पार्थजीत डे ने रामपुर HPS के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि 31 मार्च 2026 को 2108.033 मिलियन यूनिट का अब तक का सर्वाधिक वार्षिक उत्पादन हासिल करना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने परियोजना के वाणिज्यिक संचालन (COD) के 10 वर्ष पूरे होने पर भी टीम को बधाई दी। उन्होंने इसे मजबूत संचालन, वित्तीय अनुशासन और O&M टीम की प्रतिबद्धता का परिणाम बताया।
NHPC के निदेशक (वित्त) महेश कुमार शर्मा ने भी परियोजना की प्रगति की प्रशंसा करते हुए तकनीकी दक्षता और वित्तीय प्रबंधन के बेहतर तालमेल पर जोर दिया। उन्होंने टीम को भविष्य में नए मानक स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। दौरे के दौरान दोनों निदेशकों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रतीक के रूप में पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर SJVN के वरिष्ठ अधिकारी और रामपुर HPS के सभी विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
