एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
नशा तस्करी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए जिला शिमला पुलिस ने आदतन एवं बार-बार अपराध करने वाले तस्करों पर बड़ी कार्रवाई की है। इसी कड़ी में रामपुर के आरोपी चेतन चौहान को PIT-NDPS Act के तहत गिरफ्तार कर कैथू जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, नशा तस्करी में संलिप्त पुनरावृत्ति करने वाले अपराधियों के खिलाफ कठोर निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से PIT-NDPS Act के प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। इसी तहत चेतन चौहान, पुत्र मोहर सिंह, निवासी गांव बदावली, डाकघर नौगली, तहसील रामपुर, जिला शिमला के विरुद्ध डिटेंशन कार्रवाई का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा गया था, जिसे हिमाचल प्रदेश सरकार ने मंजूरी प्रदान कर दी।
आदेश जारी होने के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को 25 अप्रैल 2026 को चंडीगढ़ के मनीमाजरा स्थित एक गेस्ट हाउस से गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से रामपुर क्षेत्र से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को नियमानुसार कैथू जेल, शिमला में दाखिल कर दिया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, चेतन चौहान पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ थाना रामपुर में NDPS Act के तहत वर्ष 2020 और 2023 में मामले दर्ज हैं, जिनमें चिट्ठा तस्करी के आरोप शामिल हैं।
शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी में लिप्त अपराधियों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि समाज को इस बुराई से मुक्त किया जा सके।
