एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के ठियोग थाना पुलिस ने चिट्टा तस्करी मामले में कोर्ट के एक चपरासी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 12 अप्रैल को दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में जांच के दौरान की गई। इससे पहले इसी मामले में पुलिस ने एक बैंक अधिकारी को भी गिरफ्तार किया था।
12 अप्रैल को पुलिस थाना ठियोग की टीम ने नंगलदेवी के पास एक कार को रोककर तलाशी ली। इस दौरान कुलदीप वर्मा उर्फ आशू निवासी नलेहा के कब्जे से 8.340 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह बरामद चिट्टा हितेंद्र मेहता उर्फ रिंकू को सप्लाई करने जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और वित्तीय साक्ष्यों की जांच की। जांच में दोनों आरोपियों के बीच व्हाट्सएप चैट में नशे के कारोबार से जुड़ी बातचीत सामने आई।
इसके साथ ही ऑनलाइन माध्यम से किए गए भुगतान ने भी इस अवैध लेन-देन की पुष्टि की। पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हितेंद्र मेहता उर्फ रिंकू को गिरफ्तार कर लिया, जो जेएमएफसी कोर्ट ठियोग में चपरासी के पद पर कार्यरत है। मामले में उसकी संलिप्तता पाए जाने पर धारा 29 एनडीपीएस एक्ट भी जोड़ी गई है।
इस साल अब तक 214 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक जिला शिमला में एनडीपीएस एक्ट के तहत 100 मामले दर्ज किए जा चुके हैं और 214 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से 38 आरोपियों की गिरफ्तारी बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज के आधार पर की गई है।
यह भी पढ़ें
Jubbal Chitta Case : SBI लोन मैनेजर गिरफ्तार, अंतरराज्यीय चिट्टा तस्करी नेटवर्क का खुलासा
