एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
राजधानी शिमला में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद कर दी गई है। राष्ट्रपति 27 अप्रैल को शिमला पहुंचेंगी, जिसके मद्देनजर प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और ट्रैफिक प्लान तैयार किया है।
इस दौरे के लिए करीब 1000 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है और सुरक्षा व्यवस्था लगभग एक सप्ताह तक लागू रहेगी। अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा सख्ती मुख्य रूप से वीआईपी मूवमेंट के दौरान ही बढ़ाई जाएगी, ताकि आम जनता और पर्यटकों को कम से कम असुविधा हो। डीआईजी अंजुम आरा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पूरे दौरे के लिए विस्तृत सुरक्षा योजना तैयार की गई है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल जरूरी कार्यों के लिए ही घरों से बाहर निकलें, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू बनी रहे और सुरक्षा कार्यों में बाधा न आए।

ट्रैफिक और वैकल्पिक मार्गों पर फोकस
प्रशासन ने ट्रैफिक प्रबंधन के तहत कम भीड़ वाले वैकल्पिक मार्गों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है। इससे शहर में सामान्य आवाजाही प्रभावित न हो। लोगों से सड़कों पर अनावश्यक पार्किंग से बचने की अपील की गई है। इसके अलावा, शहर में सड़कों को चौड़ा करने का कार्य भी जारी है, जिससे भविष्य में ट्रैफिक व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।
काफिले में रहेंगी 35 से 40 गाड़ियां
राष्ट्रपति के काफिले में करीब 35 से 40 गाड़ियां शामिल होंगी और तीन अलग-अलग स्थानों पर काफिले की तैनाती की जाएगी। इसको लेकर आज से रिहर्सल भी शुरू हो रही है। सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी आवश्यक वाहनों की व्यवस्था कर दी है। बुलेट प्रूफ गाड़ियां अन्य राज्यों से मंगवाई जाएंगी। इसके साथ ही IGMC Shimla में दो वीवीआईपी स्पेशल वार्ड रिजर्व कर दिए गए हैं और आपात स्थिति के लिए राष्ट्रपति का ब्लड ग्रुप भी सुरक्षित रखा गया है।
