एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
शिमला के ढली क्षेत्र में पुलिस ने एक निजी गेस्ट हाउस में दबिश देकर पंजाब के एक युवक को चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल राणा निवासी फिरोजपुर, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार ढली थाना टीम क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी, तभी उन्हें सूचना मिली कि एक निजी गेस्ट हाउस के कमरे में ठहरा युवक चिट्टा लेकर आया है और स्थानीय युवाओं को बेचने की फिराक में है।
गेस्ट हाउस में दबिश, ऐसे मिला चिट्टा
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शाम के समय गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 4 में दबिश दी। उस समय आरोपी कमरे में अकेला मौजूद था। पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली, जिसमें बेड टेबल पर रखे जूस के डिब्बे के नीचे से एक संदिग्ध पैकेट बरामद हुआ। पैकेट खोलने पर उसमें 8.040 ग्राम चिट्टा मिला। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS Act की धारा 21 के तहत केस दर्ज किया है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी चिट्टा कहां से लाया था और इसे किसे सप्लाई करने वाला था।
नशा तस्करी नेटवर्क पर नजर
पुलिस के अनुसार इससे पहले भी फिरोजपुर के कई आरोपी चिट्टा तस्करी के मामलों में पकड़े जा चुके हैं। इसी को देखते हुए शिमला पुलिस पंजाब से आने वाले संदिग्ध लोगों पर विशेष नजर रख रही है, ताकि जिले में फैल रहे नशा तस्करी नेटवर्क को तोड़ा जा सके
यह भी पढ़ें
