एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार चिट्टे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ेगी। इसके तहत 15 नवम्बर से राज्यव्यापी एंटी चिट्टा अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान की शुरुआत शिमला के रिज मैदान से चौड़ा मैदान तक होने वाली एंटी चिट्टा रैली से होगी, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री स्वयं करेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह अभियान तीन माह तक चलेगा और इसमें राज्य स्तर से लेकर पंचायत स्तर तक बहुस्तरीय कार्रवाई की जाएगी। रैली में विधायक, गणमान्य व्यक्ति, विद्यार्थी, स्वयंसेवक और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि चिट्टे के समूल नाश के लिए पुलिस विभाग में एक विशेष सेल का गठन किया जाएगा और मुख्यमंत्री स्वयं इस अभियान की निगरानी करेंगे।
पुलिस विभाग ने प्रदेश की उन पंचायतों की पहचान कर ली है जो चिट्टा प्रभावित क्षेत्र हैं। इन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कॉलेजों में एंटी चिट्टा वॉलंटियर तैयार किए जाएंगे और पुलिस विभाग इस मुहिम के लिए विस्तृत रूपरेखा बनाएगा।
सरकार ने पंचायत स्तर पर नशा निवारण समितियों के गठन की अधिसूचना भी जारी की है। इन समितियों में अध्यक्ष सहित सात सदस्य होंगे जो हर माह बैठक कर नशे से संबंधित गतिविधियों की रिपोर्ट तैयार करेंगे और उसे कानून प्रवर्तन एजेंसियों से साझा करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये समितियां स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों पर नशा निवारण कार्यक्रमों का आयोजन करेंगी और जिला उपायुक्तों के माध्यम से रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगी।
बैठक में उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, मुख्य सचिव संजय गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह के.के. पंत, पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी, प्रधान सचिव वित्त देवेश कुमार, सचिव वित्त डॉ. अभिषेक जैन सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।