मुंबई। T20 World Cup 2026 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी गई है। टीम इंडिया इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में उतरने जा रही है। विश्व कप के शुरू होने में अब 50 दिन से भी कम समय बचा है, ऐसे में टीम चयन को बेहद अहम माना जा रहा है। अजीत अगरकर की अगुआई वाली सीनियर राष्ट्रीय पुरुष चयन समिति ने शनिवार को 15 सदस्यीय भारतीय टीम का एलान किया। टीम का चयन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के मुख्यालय में हुई बैठक में किया गया। चयनकर्ताओं ने यह भी स्पष्ट किया कि यही टीम जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज में भी खेलेगी।
गिल बाहर, ऑलराउंडर अक्षर पटेल बनाए उप कप्तान
T20 World Cup 2026 के लिए घोषित टीम में सबसे बड़ा फैसला शुभमन गिल को बाहर रखने का रहा। गिल अब तक टीम के उपकप्तान थे। इस बार यह जिम्मेदारी ऑलराउंडर अक्षर पटेल को सौंपी गई है। अक्षर इससे पहले भी टी20 प्रारूप में उपकप्तान की भूमिका निभा चुके हैं और उनका अनुभव टीम के लिए अहम साबित हो सकता है। गौरतलब है कि भारत ने 2024 टी20 विश्व कप में रोहित शर्मा की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताब जीता था। अब टीम इंडिया इस बार अपने खिताब का बचाव करने उतरेगी। यह टी20 विश्व कप का 10वां संस्करण होगा। अब तक कोई भी टीम इस टूर्नामेंट में लगातार दो बार खिताब नहीं जीत सकी है, ऐसे में घरेलू पिच पर भारत के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका होगा।
ईशान की वापसी से जितेश हुए बाहर
टीम चयन में विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन और मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज रिंकू सिंह की वापसी भी खास रही। ईशान किशन ने भारत के लिए आखिरी टी20 मैच 28 नवंबर 2023 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। इसके बाद घरेलू क्रिकेट और आईपीएल को लेकर विवाद के चलते उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया था, लेकिन करीब दो साल बाद अब उनकी राष्ट्रीय टीम में वापसी हुई है। वहीं, रिंकू सिंह एशिया कप टीम का हिस्सा रहे थे, लेकिन ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में उन्हें मौका नहीं मिला था। चयनकर्ताओं ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है। हालांकि, ईशान किशन की वापसी के चलते जितेश शर्मा को टीम से बाहर होना पड़ा है और उन्हें इस बार चयन नहीं मिला।
📅 भारत का T20 World Cup 2026 शेड्यूल
-
7 फरवरी: भारत बनाम USA – मुंबई
-
12 फरवरी: भारत बनाम नामीबिया – दिल्ली
-
15 फरवरी: भारत बनाम पाकिस्तान – कोलंबो
-
18 फरवरी: भारत बनाम नीदरलैंड – अहमदाबाद