एआरबी टाइम्स ब्यूरो
किन्नौर। बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा के 90वें जन्मदिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिला स्थित रारंग गांव में 8 दिवसीय बज्र गुरु मंत्र जाप का भव्य आयोजन किया गया। यह धार्मिक अनुष्ठान 27 अगस्त से 3 सितंबर तक टाशी छोएलिंग बौद्ध मठ में आयोजित हुआ।
मंत्र जाप कार्यक्रम के दौरान ईष्ट देवता पाथोरो डोम्बर की उपस्थिति में छोगोन रिन्पोछे तेनजिन छोएकी ज्ञाछो द्वारा प्रवचन दिए गए। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्रकृति की रक्षा, शांति, सुख-समृद्धि और पुण्य की प्राप्ति था। इस अवसर पर 2 सितंबर को गा रिन्पोछे शेद्डुब छोएकी ञीमा के 27वें महा परिनिर्वाण दिवस को भी श्रद्धापूर्वक मनाया गया। रिन्पोछे ने आचार्य असंग द्वारा रचित “ज्ञल-स्त्रस् लग-लेन” ग्रंथ की व्याख्या की और उपस्थित श्रद्धालुओं को दीर्घायु अभिषेक भी प्रदान किया।
किन्नौर के विभिन्न क्षेत्रों से लामा, जोमो और सैकड़ों श्रद्धालु इस अनुष्ठान में शामिल हुए। सात दिनों तक चले इस अखंड जाप के अंतिम दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम और पारंपरिक सिंघे नृत्य का आयोजन भी किया गया, जिसमें स्कूली बच्चों ने भी आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं।
यह आयोजन बज्र गुरु सेवा समिति और रारंग ग्रामवासियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। समिति के अध्यक्ष सांडुप पलदन, उपाध्यक्ष डुबा प्रदीप कुमार, और सचिव छोज्ञल ज्ञाछो नेगी ने आयोजन की सफलता की जानकारी दी।
