एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जिला महासू इकाई की बैठक का आयोजन जिला अध्यक्ष अरुण फालटा की अध्यक्षता में किया गया। इस बैठक में प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा, चेतन ब्रागटा, अजय श्याम, शशि बाला, कौल नेगी, इंदु वर्मा, नरेश शर्मा, सुशील कड़शोली, राकेश डोगरा, संजय वर्मा और हरि चंद डोगरा उपस्थित रहे।
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि “विकसित भारत 2047” का लक्ष्य देश को आत्मनिर्भर और वैश्विक महाशक्ति बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के सशक्त नेतृत्व ने भारत को किसी भी देश के सामने झुकने नहीं दिया और आज अमेरिका जैसे देश भी भारत की ताकत को स्वीकार कर रहे हैं।
सुरेश कश्यप ने कहा कि भारत आज हर क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर है — चाहे वह आर्थिक विकास हो, तकनीकी प्रगति हो या वैश्विक कूटनीति। उन्होंने ‘विकसित भारत 2047’ को देश के लिए गर्व का विषय बताया।
हिमाचल प्रदेश की वर्तमान स्थिति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लिया। कश्यप ने कहा कि हालिया प्राकृतिक आपदा के समय कांग्रेस सरकार पूरी तरह विफल रही है। विशेष रूप से सेब उत्पादक किसान भारी संकट में हैं, क्योंकि उनकी उपज समय पर मंडियों तक नहीं पहुंच पा रही और सेब पेड़ों पर ही सड़ रहे हैं।
उन्होंने कांग्रेस सरकार पर किसानों की अनदेखी करने और आपदा प्रबंधन में नाकामी का आरोप लगाया। इसके विपरीत, उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने हमेशा हिमाचल के विकास और किसानों के हितों को प्राथमिकता दी है। सुरेश कश्यप ने जानकारी दी कि पीएम मोदी ने हाल ही में हिमाचल को 1500 करोड़ रुपये की सौगात दी है, जो राज्य के पुनर्निर्माण और विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। अंत में उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक एक विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनकर उभरेगा।
