धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के पालमपुर उपमंडल क्षेत्र में साइबर ठगों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर एक पूर्व अधिकारी से 49.65 लाख रुपये की ठगी कर ली। पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने एक माह के भीतर यह राशि ठगों के खाते में ट्रांजैक्शन के माध्यम से जमा करवाई थी। राशि निकालने के प्रयास में असफल रहने पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ और शुक्रवार को साइबर क्राइम थाना धर्मशाला में शिकायत दर्ज करवाई। पीड़ित ने बताया कि जुलाई में उन्हें व्हाट्सएप पर एक लिंक मिला, जिस पर क्लिक करने के बाद वह एक ग्रुप में जुड़ गए। वहां अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें एक ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म में निवेश करने के लिए प्रेरित किया और बड़े मुनाफे का लालच दिया।
साइबर पुलिस ने लोगों को चेतावनी दी है कि अज्ञात लिंक और ऐप डाउनलोड करने से बचें। हाल में फर्जी लोन एप्लीकेशंस के जरिए डाटा चोरी और फोन ब्लॉक होने की शिकायतें भी सामने आई हैं। पुलिस ने सलाह दी है कि अगर गलती से कोई संदिग्ध एप डाउनलोड हो जाए तो उसे तुरंत हटाकर सोशल मीडिया और बैंकिंग पासवर्ड बदल लें।
