एआरबी टाइम्स ब्यूरो, हमीरपुर | हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के बड़ैहर गांव में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां शराब के नशे में धुत बेटे ने मामूली कहासुनी के बाद अपने 65 वर्षीय बुजुर्ग पिता रत्न चंद की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई। इस खौफनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
रात 11 बजे हुआ विवाद, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 11:15 बजे पिता और बेटे के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर आरोपी बेटे ने अपने पिता पर ताबड़तोड़ मुक्कों से हमला कर दिया, जिससे बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने तुरंत भोरंज थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल रत्न चंद को तुरंत अस्पताल भिजवाया, लेकिन दुर्भाग्यवश उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
बिजली बोर्ड में कार्यरत है आरोपी; फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी बिजली बोर्ड में टीमेट के पद पर तैनात है। गुरुवार सुबह बिलासपुर से आई फॉरेंसिक साइंस की टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहनता से पूछताछ कर रही है।
