एआरबी टाइम्स ब्यूरो
कुल्लू। उपायुक्त तोरुल रवीश ने भारी वर्षा प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सेवाओं की बहाली के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिले में सड़क बहाली का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। मनाली – अलेउ – कुल्लू मार्ग को छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया है। बाह्णु पुल की बहाली का कार्य भी युद्धस्तर पर जारी है, और आज देर शाम तक पुल को बहाल करने का लक्ष्य है। कुल्लू-मनाली के मध्य, लेफ्ट और राइट बैंक दोनों पर कनेक्टिविटी बहाल की जा रही है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग 03 का लगभग 100 किलोमीटर का भाग विभिन्न स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया है।
जल आपूर्ति और बिजली की स्थिति
उपायुक्त ने बताया कि जिले में सभी कार्यों की बहाली तेजी से चल रही है। मनाली में जल शक्ति विभाग की पेयजल योजना को रविवार तक सुचारू रूप से चला दिया जाएगा। बंजार और सैंज को छोड़कर, बाकी जगहों पर बिजली की आपूर्ति भी पूरी गति से बहाल की जा रही है, जो अब काफी हद तक बहाल हो चुकी है।
बंद सड़कों और प्रभावित सुविधाओं की स्थिति
उन्होंने जानकारी दी कि जिले में कुल 175 सड़कों पर बहाली का कार्य चल रहा है। इनमें से:
कुल्लू सर्कल के बंजार उपमंडल में 45 सड़कें,
कुल्लू उपमंडल में 37 सड़कें,
मनाली उपमंडल में 26 सड़कें,
आनी-निरमंड में 67 सड़कें बंद हैं।
इसके अलावा, जिले में 189 डीटीआर (डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर) और 33 पानी की योजनाएं प्रभावित हैं, जिनकी बहाली युद्धस्तर पर की जा रही है। कुल्लू से मंडी के बीच सुरक्षा का ध्यान रखते हुए, प्राथमिकता के आधार पर वाहनों की आवाजाही का प्रबंधन किया जा रहा है।
