एआरबी टाइम्स ब्यूरो
कुल्लू। उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस. रवीश ने जानकारी दी कि बंजार उपमंडल के दूर-दराज क्षेत्रों, शांगड और तलाड़ा में 26 क्विंटल राशन का एयर ड्रॉप किया गया। उन्होंने बताया कि एयर फोर्स के एमआई-17 हेलीकॉप्टरों से शांगड में 12 क्विंटल और तलाड़ा में 14 क्विंटल राशन की आपूर्ति की गई। यह कदम खासकर उन क्षेत्रों में राहत पहुँचाने के लिए उठाया गया है, जो सड़कों से कटे हुए हैं।
खराब मौसम के कारण सीमित उड़ानें
उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा अन्य स्थानों पर राशन की आपूर्ति के लिए हवाई उड़ानें प्रस्तावित थीं, लेकिन खराब मौसम के कारण केवल दो उड़ानें ही संभव हो पाई। फिर भी, प्रशासन राहत सामग्री पहुँचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिन क्षेत्रों से राशन की कमी की जानकारी मिल रही है, वहां प्राथमिकता के आधार पर राशन भेजा जाएगा, ताकि किसी भी परिवार को परेशानी का सामना न करना पड़े। राहत सामग्री में शामिल हैं आटा, चावल, दालें और तिरपाल आदि शामिल है।
सड़कों से कटे क्षेत्रों में राहत की प्राथमिकता
उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता सड़कों से कटे हुए इलाकों तक राहत पहुँचाने की है। इसके लिए वायु सेना के हेलीकॉप्टरों की मदद ली जा रही है। उन्होंने बताया कि यदि मौसम साफ रहा तो रविवार को सड़कों से कटे क्षेत्रों में और राहत सामग्री का एयर ड्रॉप किया जाएगा।
राहत आपूर्ति की व्यवस्था
इसके अतिरिक्त, प्रशासन अन्य संसाधनों जैसे सड़कों और वाहन मार्गों के जरिए भी राहत सामग्री की आपूर्ति सुनिश्चित कर रहा है। कुल मिलाकर, प्रशासन का उद्देश्य हर प्रभावित क्षेत्र में समय पर राहत पहुँचाना है।
