एआरबी टाइम्स ब्यूरो
किन्नौर। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज किन्नौर के निगुलसरी में राष्ट्रीय उच्च मार्ग-05 की सफल बहाली करवाकर प्रदेश के जनजातीय क्षेत्र में सामान्य जनजीवन को पुनः पटरी पर लाने का कार्य किया। इससे पहले, उन्होंने चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र में 8 दिनों की पैदल यात्रा कर लगभग 10,000 लोगों का सफल रेस्क्यू किया। इसके बाद वे सीधे किन्नौर पहुंचे और 9 दिनों से बाधित NH-05 को बहाल करने के कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई।
राजस्व मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आपदा के समय में जनता के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि किन्नौर जिला सामरिक और आर्थिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसका देश से जुड़ा रहना जरूरी है।
उन्होंने स्वयं बहाली कार्य की निगरानी की और लोक निर्माण विभाग, सेना, सीमा सड़क संगठन (BRO) व पटेल कंपनी की सहायता से मार्ग को बहाल किया। उन्होंने कहा कि वह किन्नौर के बागवानों व किसानों के साथ खड़े हैं और उनकी फसलें समय पर मंडियों तक पहुंचाना सुनिश्चित करेंगे।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक शेखर, उपमंडलाधिकारी निचार: नारायण सिंह चौहान, किन्फेड अध्यक्ष चंद्र गोपाल नेगी, जनजातीय सलाहकार परिषद सदस्य डॉ. सूर्या बोरस नेगी, राज्य सहकारी बैंक निदेशक पीताम्बर दास नेगी, अन्य विभागीय अधिकारी, सैनिक व कर्मचारी आदि उपस्थित थे।
